अधिग्रहण लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
अधिग्रहण लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

विकास या विकास का आतंक -अमित भादुरी

चरम विकास के इस दौर में यह कोई चौंकाने वाला तथ्य नहीं है कि भारत के अंदर दो भारत हैं। एक वह भारत है जहां बड़ी-बड़ी इमारतें, शानो-शौकत, चमचमाते शॉपिंग माल्स और उच्च तकनीक से बने गगनचुम्बी पुल, जिन पर नजर आती हैं दूर तक, दौड़ती हुई नई-नई आधुनिक गाड़ियां। यह उस वैश्विक भारत की तस्वीर है जो प्रथम विश्व यानी विकसित विश्व के प्रवेश द्वार पर खड़ा है।

दूसरा है दीन-हीन भारत, जहां नजर आते हैं निसहाय किसान, जो विवश हैं आत्महत्या करने के लिए, अवैधानिक रूप से मरते हुए दलित, अपनी ही कृषि भूमि और जीविका से बेदखल की हुई जनजातियां, चमचमाते शहरों की गलियों में भीख मांगते छोटे-छोटे बच्चे। इस दूसरे भारत के दीन-हीन व्यक्ति के विद्रोह के स्वर से आज देश के लगभग 607 में से 120-160 जिलों में उग्र नक्सलवादी आन्दोलन के रूप में गूंज रहे हैं। विडम्बना तो यह है कि चमचमाते हुए पहला भारत ने निराशा, विद्रोह और अमानवीय गरीबी से घिरे दूसरे भारत से मुंह मोड़ लिया है। दोनों भारत के बीच बढ़ती हुई यह असमानता ही केवल चिंता का विषय ही नहीं है, इससे भी अधिक घृणित कार्य, केंद्रीय और राज्य सरकारों के ध्यान न देने के कारण हो रहा है, जिसने दोनों भारत के बीच एक बड़ी खाई को पैदा की है। साथ ही गरीब भारत में गरीबी और दुखों को और भी अधिक बढ़ा दिया है।

भूमंडलीकरण के इस दौर में विकास तो हो रहा है, लेकिन की इस मंजिल को पाने के लिए और राष्ट्र-राज्यों के लिए बाजार संतुलन बनाने के लिए आर्थिक उदारीकरण और निजीकरण रूपी सीढ़ियों का प्रयोग किया जा रहा है। राज्य और बाजार के बीच संघर्ष और सहयोग की जटिल प्रक्रिया के कारण 19वीं शताब्दी में पूंजीवाद विकसित हुआ। बाजार हित को बढ़ाते हुए राज्य ने इसे समय-समय पर नियंत्रित भी किया जैसे- निश्चित कार्यविधि, बाल-श्रम पर रोक और समय-समय पर व्यापार संघों को वैधता प्रदान करना। कार्ल पोल्यानी ने इस सारी प्रक्रिया को 'महान परिवर्तन' की संज्ञा दी है जो कि राज्य और बाजार की 'दोहरी प्रक्रिया का परिणाम है। यह एक ऐसी प्रक्रिया है, जिसमें बाजार के नियम राज्य द्वारा प्रतिपादित किए जाते हैं। जब राज्य ऐसा करने में असफल रहता है तो मुक्त बाजार और स्वच्छंदता की स्थिति उत्पन्न होती है, जिससे गरीबी बढ़ने से गरीबों का विद्रोह और भी बढ़ने लगता है।

उसे हम आर्थिक प्रक्रिया का एक बुरा पहलू ही कहेंगे कि यह हमेशा रहस्य ही होता है कि बाजार और बाजारीय नियम कैसे बनते हैं, इसकी व्याख्या की यहां जरूरत नहीं है जैसे- मांग और पूर्ति के उतार-चढ़ाव के आधार पर अर्थशास्त्री मुद्रा-प्रसार और मुद्रास्फीति की गणना करते हैं लेकिन वे यह नहीं बताते कि आखिर दाम कौन निश्चित करता है? स्थिति तब और भी बुरी हो जाती है जब राज्य की ओर से बड़ी-बड़ी कंपनियां बाजार के नियम तय करने लगती हैं। वास्तव में भूमंडलीकरण के झंडे के नीचे भारत में यही सब हो रहा है। हम एक ऐसे विचारहीन और दिशाहीन समय में जी रहे हैं जहां आर्थिक वृध्दि के नाम पर गरीबों का सब कुछ छीना जा रहा है।

संघीय और राज्य सरकार की भूमि-अधिग्रहण नीतियों के तहत बड़ी कंपनियों द्वारा विभिन्न रूपों में भूमि पर कब्जा किया जा रहा है। औद्योगीकरण के नाम पर जीविका का विनाश, गरीबों का विस्थापन, सिंचाई और बिजली उत्पाद के लिए बड़े-बड़े बांध, किसानों द्वारा आत्महत्याएं किए जाने के बावजूद भी खेती का निगमीकरण और बस्तियों को समाप्त कर शहरों के सौंदर्यीकरण तथा आधुनिकीकरण में प्रतिकूल विकास की स्पष्ट झलक दिखाई देती है। सितम्बर 2006 तक वाणिज्य मंत्रालय ने पूरे भारत में कुल 267 'विशेष आर्थिक परियोजनाओं के लिए तथा 'राज्य औद्योगिक विकास निगमों' द्वारा 1,34,000 हेक्टेयर भूमि अधिग्रहीत की गई है और निगमों को 'खनन संबंधी अधिकार अधिकांशत: आदिवासियों के भूमि पर दिए गए हैं। संघीय सरकार की नीतियों से सहायता और प्रोत्साहन पाकर राज्य सरकारें, निगमों को और ज्यादा जमीन देने के लिए प्रयास कर रही हैं।

इसी संदर्भ में वर्ष 2006 के प्रारंभ में ही उड़ीसा के कलिंगनगर में 12 लोगों द्वारा टाटा को खनन के लिए भूमि न सौंपने पर पुलिस द्वारा किया गया अमानवीय व्यवहार स्मरणीय है। नव वर्ष सामने है, टाटा के लिए पश्चिम बंगाल के माक्र्सवादी मुख्यमंत्री राज्य में आतंक फैलाने के लिए तैयार है। 'पंचायत एक्सटेंशन टू शेडयूल्ड एरियाज अधिनियम 1996' के अनुसार भूमि अधिग्रहण के लिए ग्राम सभा का परामर्श अनिवार्य है जबकि झारखंड, उड़ीसा में इस नियम को ताक पर रख दिया गया है। इससे भी बढ़कर एक ताजा रिपोर्ट के आधार पर ज्ञात हुआ है कि पुलिस द्वारा ग्राम सभा के सदस्यों का घेराव करके जबरदस्ती मनमानी दामों पर भूमि सौंपने के प्रस्ताव पर स्वीकृति देने के लिए विवश करते हुए टाटा के लिए सिंगूर (पश्चिमी बंगाल) में भूमि अधिग्रहण और दादरी (उत्तर प्रदेश) में अनिल अंबानी के लिए भूमि प्राप्ति के लिए इसी प्रक्रिया को दोहराया गया और यह भी कहा गया कि सूचना अधिकार अधिनियम के तहत भूमि प्रयोग के 'कान्टै्रक्ट' को सार्वजनिक नहीं किया जा सकता। यद्यपि एक स्थानीय टीवी चैनल ने रिपोर्ट दी कि पश्चिम बंगाल सरकार ने मुआवजे के तौर पर 140 करोड़ रुपए दिए, जबकि टाटा पांच वर्ष के बाद सौदे के अनुसार बिना स्टाम्प डयूटी, मुफ्त पानी के साथ मात्र बीस करोड़ रूपये ही अदा करेगी। एक अन्य रिपोर्ट के अनुसार 31 मई 2006 तक पश्चिम बंगाल राज्यमंत्रिमंडल ने विभिन्न राष्ट्रीय और बहुराष्ट्रीय निगमों द्वारा संचालित परियोजनाओं के लिए 36325 एकड़ भूमि प्राप्ति की स्वीकृति दे चुकी है। यह आंकड़ा 70,000 एकड़ को भी पार कर सकता है। यदि सलेम ग्रुप को हावड़ा और बरासत रायचौक एक्सप्रेस वे के लिए बरासत भी सौंप दिया जाएं।

आज हम स्पष्ट यह देख रहे हैं कि बड़ी निगमों के हितों के लिए पश्चिम बंगाल में गरीब लोगों की जड़ खोदी जा रही है, शायद इस उम्मीद से कि निगम पश्चिम बंगाल में कुछ चमत्कारी परिवर्तन करेंगे, जो वो खुद करने में असमर्थ हैं। उनके पास निगमीय पूंजीवाद के आगे समर्पण करने के अतिरिक्त शायद कोई विकल्प नहीं बचा। विकास के इस दौर में भूमंडलीकरण का यह रूप 'टीना सिंड्रोम' ( टीआईएनए-इसका कोई विकल्प नहीं) को प्रदर्शित करता है।

टीना सिंड्रोम इस बात का समर्थन करता है कि निगम आर्थिक वृध्दि की दर बढ़ाकर गरीबी दूर करेंगे। अंतर्राष्ट्रीय मुद्रकोष, विश्वबैंक और एशियन विकास बैंक (एडीबी) ने भी विभिन्न रूपों में इसी तथ्य का समर्थन किया है और माक्र्सवादी नेताओं का एक बड़ा हुजुम भी इसी बात का राग अलाप रहे हैं। लेकिन अफसोस इस बात का है कि विकास के इस मॉडल को 2004 के आम चुनाव में विशेषत: आंध्र प्रदेश में नकारा जा चुका है। हो सकता है कि एक बार फिर से 'निगम संचालित विकास' की विचारधारा को पश्चिम बंगाल या कहीं और भी नकार दिया जाए।

भारत के प्रसंग में इस विचारधारा के दो रूप हैं। एक केन्द्रीय सरकार विकास के लिए अंतर्राष्ट्रीय बैंकों से बड़ी मात्रा में ऋण ले रही है। अंतर्राष्ट्रीय मुद्राकोष और विश्वबैंक द्वारा ढांचागत उद्योगों के क्षेत्र में बड़ी परियोजनाओं में बहुराष्ट्रीय निगमों को लगाकर सरकारों को विकास कार्य के लिए ऋण लेने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है। इसमें समझौते आदि के नियम विश्वबैंक निर्धारित करता है। परिणामत: देश खुद को कर्ज के जाल में फंसा हुआ पाता है। अभी कुछ समय पूर्व तक मध्य और लातिनी अमेरिका के अधिकांश देश इसी विकासगत आदर्श के उदाहरण थे लेकिन अब अर्जेंटीना, ब्राजील, बोलीबिया, इक्वाडोर और बेनेजुएला जैसे अनेक देशों ने ऋण आधारित विकास के इस रास्ते को नकार दिया है।

इस विचारधारा का दूसरा रूप है राज्यों की दृढ़ स्थिति। बहुराष्ट्रीय निगमों के साथ प्रतियोगिता करने के लिए विशेषत: विश्व बाजार में राज्य संचालित निगमों का निर्माण और पोषण किया जा रहा है और सरकार प्रत्यक्ष विदेशी निवेश को, विशेषकर उन क्षेत्रों में जहां राष्ट्रीय निगम किन्ही विशेष कारणों से रुचि नहीं लेते, आकर्षित करने का प्रयास कर रही है। यह भी एक विचारणीय पहलू है कि कहीं उच्चतर विकास को प्राप्त करने के लिए सरकार जनता पर होने वाले इसके नकारात्मक प्रभावों को अनदेखा न कर दे। राज्य संचालित निगमों के संदर्भ में आधुनिक चीन पूर्णतया विवेकपूर्ण कदम उठाने वाला देश दिख हो रहा है, जबकि दक्षिण कोरिया ने राजनैतिक और भू राजनैतिक स्थिति में परिवर्तनों और पूर्व में कर्ज निर्भरता होने के बावजूद भी इसी रास्ते को अपनाया है। चीन का यह निगम आधारित विकास का रास्ता दो रूपों में भ्रामक है। पहला- जहां तक प्रकृति और निगमों को समर्थन देने का सवाल है, चीनी सरकार राज्य संचालित निगमों और विदेशी निवेशकों के बीच आवश्यकतानुसार अलग-अलग तरह से व्यवहार करती है। लेकिन एक सरकार जो अंतर्राट्रीय मुद्राकोष और विश्वबैंक के निर्देशन में ऋण का रास्ता अपनाना चाहती है, उसके लिए यह संभव नहीं है। दूसरा- चीनी व्यवस्था जो निगम आधारित विकास के इस लक्ष्य को पाने के लिए समय-समय पर कानूनों में फेर-बदल करके और आम जनता के अधिकारों को दबाकर जो रास्ता अपनाती है, वह हमारे लिए सम्भव नहीं है।

अंतत: चर्चा का विषय यह नहीं है कि चीन या अन्य देश क्या कर रहे हैं। गरीबों के प्रतिकूल निगमीय विकास के आतंक पर राज्य की निर्भरता अब नकार दी गयी है या नहीं, यह भी चर्चा का विषय नहीं है। भारतीय संदर्भ में केन्द्र राज्यों की साझा सरकारों के राजनैतिक दबाव से नियंत्रित हो रहा है। इस समय हमारे सामने दोहरी चुनौती है। हमें उस उच्च विकास का विरोध करना है, जो राज्य द्वारा निगम आधारित विकास के आतंक का पोषण करता है। मेधा पाटकर का नर्मदा बचाओ आन्दोलन इस दृष्टि से अत्यधिक महत्वपूर्ण है। ऐसे ही समय पर हमें विकास के नए विकल्प को खोजना है। यद्यपि वर्तमान समय में संभावनाएं बहुत कम हैं। राष्ट्रीय रोजगार गारंटी अधिनियम राज्यों की पंचायतों को इसे लागू करने के लिए वित्तीय स्वायत्ता प्रदान करता है, और ग्रामसभाओं को भूमि प्रयोग के लिए पूरा नियंत्रण देता है। सूचना के अधिकार द्वारा शासन में पारदर्शिता और जवाबदेही आदि को बहुत दूर तक ले जाने की आवश्यकता है। विकेंद्रीकृत सरकार द्वारा भारतीय जनता को रोजगारपरक और उत्साहित किया जाना चाहिए। विकास की इस तस्वीर को देखते हुए यही समय है जब सत्ता में बैठी सरकार और राजनैतिक दलों के कार्यों का निरीक्षण किया जाना चाहिए।

जज कानून से ऊपर तो नहीं: प्रशांत भूषण

हाल में टीवी पत्रकार विजय शेखर के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट ने नाराजगी भरी टिप्पणी की थी। उससे लोगों की यह धारणा मजबूत ही हुई है कि न्यायपालिका अपने भीतर की सड़ांध को छिपाने के लिए अपने अवमानना अधिकारों का प्रयोग करने की कोशिश करती है। शेखर ने यह दिखाने के लिए स्टिंग ऑपरेशन किया था कि किस तरह भ्रष्ट तरीकेसे गुजरात की अदालतों से गिरफ्तारी वारंट हासिल किया जा सकता है। मीडिया और सभ्य समाज को न्यायपालिका के अपने अवमानना अधिकारों के प्रयोग की कोशिश का पुरजोर विरोध करना चाहिए। अगर हम अवमानना की कार्रवाई की धमकियों से डरते रहेंगे तो अपने गणतंत्र के भीतर एक गैरजवाबदेह न्यायिक तानाशाही को पनपने देने के दोषी होंगे।

यही सोच कर इस साल मार्च में दिल्ली में आयोजित नेशनल पीपुल्स कॅन्वेंशन में न्यायिक जिम्मेदारी एवं सुधार अभियान का गठन किया गया। इसका उद्देश्य न्यायिक जिम्मेदारी एवं सुधार अभियान शुरू करने के लिए सभ्य समाज को संगठित करना है जो न्याय के वास्तविक उपभोक्ता हैं। इस अभियान का गठन इस पीड़ादायक अनुभव के बाद किया गया कि न्याय प्रणाली की सड़ांध को दूर करने के लिए न तो क्रमिक सरकारों ने कुछ किया और न ही न्यायपालिका ने। वे उच्च न्यायपालिका के लिए कोई वास्तविक जिम्मेदारी लागू करने के प्रति भी गंभीर नहीं रही हैं। हमने मससूस कियाकि जब तक इस देश के आम लोग, जिनका न्यायिक प्रणाली से साबका पड़ता रहता है, कोई मजबूत और मुखर अभियान शुरू नहीं करेंगे, इस दिशा में कोई ठोस काम नहीं होगा। हमारा अभियान न्यायपालिका की व्यवस्थापरक समसयाओं और न्यायिक कदाचार के वैयक्तिक मामलों से संबंधित मुद्दों को उठाने की एक छोटी शुरुआत है। हमने अभियान की एक वेबसइट बनाई है। जिसमें न्यायिक सुधार, जज वाच, जजमेंट वाच आदि पर अलग-अलग खंड हैं। अतीत के न्यायिक कदाचार के कई मामलों का अध्ययन भी वेबसाइट पर दिया गया है। हम अब इस तरह के कदाचारों के कई मामलों का अध्ययन प्रस्तुत कर रहे हैं जो हाल ही में न्यायपालिका के सबसे ऊंचे स्तर पर आए।

पिछले साल 16 फरवरी को भारत के तत्कालीन मुख्य न्यायधीश वाई के सब्बरवाल ने एक विस्तृत आदेश के जरिए दिल्ली के निर्दिष्ट रिहायशी इलाकों में उन मकानों की सीलिंग करने की प्रक्रिया शयुरू कर दी जिनका वाणिज्यिक इस्तेमाल किया जा रहा था। इस आदेश को लागू करने के लिए शुरू हुए अभियान में दुकान और ऑफिस सरीखे वाणिज्यिक इस्तेमाल वाले हजारों मकानों को सील कर दिया गया। इनमें से कई दुकानें और ऑफिस दशकों से चल रहे थे। नतीजा यह कि इनके मालिकों को शॉपिंग मॉल या वाणिज्यिक परिसरों में दुकान खरीदने या किराए पर लेने के लिए मजबूर होना पड़ा। यह अभियान मुख्य न्यायधीश सब्बरवाल की पीठ की निरंतर निगरानी में कड़ाई से चलता रहा। कोर्ट ने सीलिंग अभियान पर नजर रखने और उसे निर्देश देने के लिए एक कमेटी नियुक्त कर दी थी।

कोर्ट का आदेश दिल्ली मास्टर प्लान 2001 से संबंधित कानूनों को लागू करवाने का था। कोर्ट ने जिन इलाकों में वाणिज्यिक इस्तेमाल वाले परिसरों को सील करने के आदेश दिए थे, वे इलाके के दिल्ली मास्टर प्लान 2001 में आवासीय इस्तेमाल के लिए निर्दिष्ट किए गए थे। लेकिन इस तरह की परिस्थितियों कानून के शासन को लागू करने के दो तरीके थे। या तो वाणिज्यिक इस्तेमाल वाली रिहायशी परिसरों को सील करने का आदेश दिया जाता या फिर अधिकारियों को मास्टर प्लान बदलने और उन इलाकों की जमीन के इस्तेमाल में परिवर्तन के लिए कहा जाता जहां लंबे समय से वाणिज्यिक गतिविधियां चल रही थीं। दरअसल, सरकार 2021 का नया मास्टर प्लान ले आई, जिसमें रिहाइश के लिए निर्दिष्ट इलाकों में वाणिज्यिक गतिविधि की इजाजत दी गई थी। लेकिन नए मास्टर प्लान के बावजूद, जिसने सीलिंग के आदेश के उद्देश्य को खत्मक रि दिया था, कोई ने इस तरह के इलाकों में भी सीलिंग जारी रखने को कहा, जहां वाणिज्यिक गतिविधि की इजाजत दी गई थी। हालांकि इन इलाकों में दुकान या ऑफिस के मालिकों ने हलफनामा दिया था कि 30 जून/30 सितम्बर 2006 तक अपनी वाणिज्यिक गतिविधि बंद कर देंगे, लेकिन कोर्ट का कहना था कि उन्हें अपने हल्फनामें के 'उल्लंघन' की इजाजत नहीं दी जा सकती।

कोर्ट के आदेशों से शहर में तबाही और आतंक मच गया। कोर्ट ने सीलिंग अभियान के निरीक्षण और निगरानी में अति उत्साह दिखाया, उस पर कइयों ने सवाल उठाए। एक लाख से अधिक दुकानें और वाणिज्यिक प्रतिष्ठान बंद कर दिए गए और उन्हें मजबूरन शॉपिंग मॉल और वाणिज्यिक परिसरों में जाना पड़ा। उधर, शॉपिंग मॉल और वाणिज्यिक परिसरों में दुकानाें और ऑफिसों की कीमतें रातोंरात दोगुनी-तिगुनी हो गईं। लिहाजा, कई लोगों ने सवाल उठाया कि क्या माल और वाणिज्यिक परिसर के डेवलपरों के फायदे के लिए एक अभियान शुरू किया गया? एक बात, जो सार्वजनिक तौर पर सामने आई, वह यह कि जिस समय न्यायमूर्ति सब्बरवाल सीलिंग के आदेश दे रहे थे, उनके बेटों चेतन और नितिन, जो छोटे आयात- निर्यात व्यवसायी थे, ने शॉपिंग माल और वाणिज्यिक परिसर के बड़े डेवलपरों के साथ साझेदारी की। इस तरह वे खुद बड़े वाणिज्यिक परिसर में डेवलपर बन गए।

कंपनी मामलों के विभाग में चेतन और नितिन सब्बरवाल ने जो दस्तावेज जमा किए हैं, उन्हें देखने से कई तथ्य सामने आते हैं। सन् 2004 तक सब्बरवाल भाइयों ने लाखें रुपए की आमदनीवाला आयात- निर्यात का छोटा व्यवसाय करते हुए पवन इम्पेक्स, सब्स एक्सपोर्ट्स और सुग एक्सपोर्ट्स नाम से तीन कंपनियां खड़ी की।

दिलचस्प बात यह है कि उनके पंजीकृत कार्यालय सब्बरवाल परिवार के घर 3/81 पंजाबी बाग में थे। जनवरी 2004 में उन्हें न्यायमूर्ति सब्बरवाल के सरकारी निवास 6 मोती लाल नेहरू मार्ग ले जाया गया। क्या यह महज संयोग था कि न्यायमूर्ति सब्बरवाल ने 7 मई 2004 को रिहायशी इलाकों के उन मकानों को सील करने का आदेश दिया था जहां दुकानें और ऑफिस चल रहे थे? जाहिर है, उनके आदेशों का कड़ाईसे पालन करने पर पंजाबी बाग स्थित उनका घर तो सील हो जाता, लेकिन उनके सरकारी निवास पर आंच नहीं आती।

बहरहाल, 23 अक्टूबर 2004 को शॉपिंग माल और वाणिज्यिक परिसरों के सबसे बड़े डेवलपरों में से एक के प्रोमोटर (बीपीटीपी ग्रुप के काबुल चावला) को 50 प्रतिशित शेयरधारक और निदेशक के रूप में पवन इम्पेक्स में शामिल कर लिया गया। उसी दिन पवन इम्पेक्स के पंजीकृत कार्यालय को 3/81 पंजाबी बागवापस ले जाया गया। इसके बाद, 12 फरवरी 2005 को काबुल चावला की पत्नी अंजलि चावला कोक भी निदेशक के रूप में कंपनी में शामिल कर लिया गया।

चेतन और नितिन ने वाणिज्यिक परिसरों के निर्माण के उद्देश्य से 8 अप्रैल 2005 को एक नई कंपनी हरपवन कंस्ट्रक्टर्स शुरू की। इसमें 25 अक्टूबर 2005 को दिल्ली के एक दूसरे बड़े बिल्डर पुरुषोत्तम बाघेरिया को साझीदार के रूप में शामिल किया गया। सब्बरवाल भाइयों के साथ साझीदारी करने के तुरंत बाद बाघेरिया ने साकेत में 'स्क्वायर 1 मॉल' बनाने की अपनी योजना का ऐलान किया। इसके दिल्ली के सबसे बड़े और लक्जरियस मॉल्स में से एक बताया गया।

फरवरी 2006 की 16 तारीख तक, जब मुख्य न्यायधीश सब्बरवाल ने दिल्ली के आवासीय इलाकों में चलने वाले वाणिज्यिक प्रतिष्ठानों को सील करने के सख्त आदेश दिए; उनके बेटे मॉल और वाणिज्यिक परिसरों के व्यवसाय में प्रवेश करने की दिशा में काफी आगे बढ़ चुके थे। उन्होंने दिल्ली के दो सबसे बड़े व्यावसायिक स्टेट डेवलपरों के साथ साझेदारी कर ली थी। इसके बाद सब्बरवाल भाइयों का यह व्यवसाय चल पड़ा। पवन इम्पेक्स की शेयर पूंजी 21 जून 2006 तक एक लाख रुपए से बढ़कर 3 करोड़ हो गई। इसके तुरंत बाद बीपीटीपी डेवपलर्स की चावला दंपति ने कंपनी में 1.5 करोड़ रुपए (50 प्रतिशत) का निवेश किया। पवन इम्पेक्स को 22 अगस्त 2006 को यूनियन बैंक आफ इंडिया की कनॉट प्लेस शाखा ने 28 करोड़ रुपए का ऋण दिया। यह ऋण नोएडा के सेक्टर 125 में प्लॉट संख्या-ए 3, 4 और 5 स्थित 'संयंत्र, मशीनरी और दूसरी संपत्ति' को बंधक रखकर लिया गया था, जबकि सच यह है कि वहां कोई संयंत्र या मशीनरी नहीं है। इसके विपरीत, वहां 5 लाख वर्ग फुट में करोड़ों की लागत से एक विशाल आईटी पार्क बनाया जा रहा है। इसके बारे में पूछे जाने पर बैंक के चेयरमैन ने बताया कि सब्बरवाल भाइयों ने 3 करोड़ की शेयर पूंजी, 7 करोड़ के अप्रतिभूत ऋण और 'संभावित खरीददारों से 18 करोड़ रुपए के अनुमानित मुनाफे' की प्रतिभूति के एवज में ऋण लिया। यदि हर बैंक संभावित खरीददारों से होने वाली अनुमानित आय के एवज में इतना उदार होकर ऋण देता तो हमारे पास लाखों करोड़ रुपए की गैर- निष्पादित परिसंपत्ति होती। दिलचस्प बात यह है कि नोएडा के एक महंगे सेक्टर में 12,000 वर्गमीटर के ये तीनों प्लॉट उत्तर प्रदेश की मुलायम सिंह यादव/अमर सिंह सरकार ने 29 दिसम्बर 2004 को पवन इम्पेक्स को मात्र 37,00 रुपए प्रति वर्ग मीटर की दर पर आवंटित किए थे। उस समय वहां व्यावसायिक जमीन की दर कम से कम 30,000 रुपए प्रति वर्ग मीटर थी। यह अपने आप में कम से कम 30 करोड़ रुपए का उपहार है। नोएडा में सब्बरवाल भाइयों को केवल ये ही प्लाट आवंटित नहीं किए गए। सब्बरवाल भाइयों की दूसरी कंपनी सब्स एक्सपोर्ट्स को 10 नवम्बर 2006 को 4000 रुपए प्रति वर्गमीटर की दर पर सेक्टर 68 में प्लॉट नंबर 12ए आवंटित किया गया, जिसका क्षेत्रफल 12,000 वर्गमीटर था। (जबकि उस समय बाजार दर कम से कम दस गुना अधिक थी) इसका अर्थ सब्बरवाल भाइयों को चास करोड़ रुपए का का एक और उपहार। इसके पहले 6 नवंबर को सब्स एक्सपोर्ट्स को सेक्टर 63 में 800- 800 वर्ग मीटर के तीन प्लाट (सी 103, 104 और 105) 2100 रुपए प्रति वर्गमीटर की दर से आवंटित किए गए थे। उनके पास सेक्टर 8 में प्लॉट हैं। जहां उन्होंने हाल ही मे एक शानदार फैक्टरी और आफिस परिसर बनाया है। इसके अतिरिक्त, 2005 में न्यायमूर्ति सब्बरवाल की बीवी शीबा सब्बरवाल को सेक्टर 44 में एक आवासीय प्लॉट आवंटित किया गया। यह कुख्यात नोएडा आवंटन घोटाले का हिस्सा था। मीडिया ने इस घोटाले का पर्दाफाश किया कि तथाकथित ड्रॉ में ज्यादातर आवंटन अति महत्वपूर्ण लोगों को किया गया।
इस पर्दाफाश से परेशान उत्तर प्रदेश सरकार ने आवंटनों को रद्द कर दिया। यहां दिलचस्प बात यह है कि इलाहाबाद हाईकोर्ट ने जब आवंटनों की सीबीआई जांच के आदेश दिए तो सुप्रीम कोर्ट के न्यायमूर्ति बीपी सिंह ने उस पर तुरंत रोक लगा दी। यहां यह भी उल्लेखनीय है कि अमर सिंह से संबंधित कुख्यात टेपों के प्रकाशन पर न्यायमूर्ति सब्बरवाल ने खुद रोक लगा दी थी। इन टेपों में अमर सिंह को विभिन्न तरह के अपराधों में लिप्त दिखाया गया था।

इस तरह, 2004 तक छोटे आयात- निर्यात फर्मों के मालिक दोनों सब्बरवाल भाई सिर्फ दो वर्षों में वाणिज्यिक परिसर बनाने के व्यवसाय में चले गए और पैसे से खेलते दिख रहे हैं। यह फायदा उनेक बेटों और साझीदारों को हुआ। इस संदर्भ में यहां यह भी उल्लेखनीय है कि सब्बरवाल के बेटों, चेतन और नितिन ने मार्च 2007 में पूर्व कानून मंत्री जगन्नाथ कौशल के उत्तराधिकारियों से 9 महारानी बाग स्थित 1,150 वर्ग गज का बंगला खरीदा। बताया गया कि उन्होंने इसके लिए 16 करोड़ रुपए दिए।

आखिरकार आयकर विभाग जागा और 28 मार्च 2007 को पवन इम्पेक्स को नोटिस भेजकर उसी व्यावसायिक गतिविधियों, खातों, संपत्ति, फंड के स्रोतों आदि का ब्यौरा मांगा, लेकिन मामला इससे ज्यादा गंभीर है। न्यायमूर्ति सब्बरवाल और उनके बेटे आयकर अधिनियम से परे अपराध और कदाचार में शामिल दिखते हैं। उनका सीलिंग के मामलों को सुनना और आदेश देना अनुचित था, क्योंकि इससेउनके बेटों को फायदा होना था। उनके आदेश जिसके मुताबिक कोई भी जज उस मामले को नहीं सुन सकता जिसमें उसकी निजी दिलचस्पी है। इन परिस्थितियों में इस मामले को उनका देखना भ्रष्टाचार निवारक कानून के तहत अपराध है या नहीं, बहस का मुद्दा है।
कुछ भी हो, मॉल और वाणिज्यिक परिसर डेवलपरों बीच के संबंधों की पूरी तरह जांच किए जाने की जरूरत है। खासतौर पर यह देखने के लिए कि उन्होंने किस तरह और किस हद तक सब्बरवाल भाइयों के व्यवसाय और संपत्ति की खरीद से पैसा लगाया। सब्बरवाल भाइयों की खरीदी समस्त संपत्ति की भी पूरी तरह जांच किए जाने की जरूरत है, जिससे यह पता लग सके कि उनका अधिग्रहण कानूनी रूप से सही है या नहीं। इसक अलावा, न्यायमूर्ति सब्बरवाल के बेटों की कंपनियों और उनके संबंधियों को आवंटित प्लॉओं की भी जांच की जानी चाहिए, ताकि यह मालूम हो सके कि आवंटन में उनका अनुचित पक्ष लिया गया कि नहीं? और यदि अनुचित पक्ष लिया गया तो इसके पीछे क्या उद्देश्य था? क्या किसी एवज में ऐसा किया गया?

हम इस तथ्य से वाकिफ हैं कि न्यायमूर्ति बहुत सक्षम जज थे जिन्होंने अपने कार्यकाल में कई मुद्दों पर अनुकरणीय फैसले दिए, लेकिन उन फैसलों के कारण वे उपरोक्त कदाचारों से दोषमुक्त नहीं हो सकते। इस मामले में जो तथ्य सामने आए हैं, उनसे हमारी उच्च न्यायपालिका की ईमानदारी शक के घेरे में आ गई है और लोगों का विश्वास डिगने लगा है। केवल पूरी पारदर्शिता के साथ जांच ही इस विश्वास को फिर से कायम कर सकती है।
साभार- प्रथम प्रवक्ता

मुद्दे-स्तम्भकार